कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग से नैनीसैंण जा रही टैक्सी आईटीआई के पास अनियंत्रित होकर सीधे पिंडर नदी किनारे जा गिरी। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन कंडारा और दो लोग जस्यारा गांव के रहने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब चार बजे कर्णप्रयाग से टैक्सी चालक मनवीर सिंह अपने चार अन्य दोस्तों को साथ बैठाकर नैनीसैंण के लिए चल पड़ा। वे एक किमी आगे आईटीआई के पास पहुंचे ही थे कि तभी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे पिंडर नदी किनारे जा गिरा। नीचे वाहन के खड़ी चट्टान से टकराने से उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तब चालक मनवीर की हल्की सांस चल रही थी। कुछ युवक खड़ी चट्टान से नीचे उतरे तो सामने की ओर पाडली से भी तीन युवा नदी पार कर घटनास्थल पहुंचे। सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष आशीष रबियान, तहसीलदार विपिन चंद्र पंत, पुलिस, एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद गौचर से आईटीबीपी का दल भी मौके पर पहुंचा। घायल मनवीर को रेस्क्यू कर किसी प्रकार बाहर निकाला गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मनवीर ने दम तोड़ दिया।