श्रीनगर। माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता पदोन्नति आदेश निर्गत न होने और कतिपय विषयों में काउंसिलिंग तिथियां तय न होने पर राजकीय शिक्षक संघ ने आक्रोश जताया है। संगठन के मंडलीय महामंत्री शिव सिंह नेगी ने बताया कि नया शिक्षा सत्र भी शुरू हो गया है, लेकिन अभी तक काउंसिलिंग के बाद प्रवक्ता पद पर प्रमोशन के आदेश जारी नहीं हुए हैं। इसके अलावा भूगोल, भौतिकी, जीव विज्ञान एवं रसायन विज्ञान में काउंसिलिंग की तिथि तय नहीं हुई है। यदि विभाग समय पर काउंसिलिंग और पदोन्नति आदेश जारी कर देता, तो स्कूलों में प्रवक्ताओं की तैनाती हो जाती और इंटरमीडिएट में पठन-पाठन सुचारु चलता।