श्रीनगर। पौड़ी जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा मैच श्रीनगर के नाम रहा। प्रतियोगिता में पौड़ी, कोटद्वार व श्रीनगर की टीम प्रतिभाग कर रही है। सोमवार को पौड़ी जिले की टीम की घोषणा की जाएगी।
रविवार को स्थानीय जीआईएंडटीआई मैदान में जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा मैच श्रीनगर व पौड़ी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीनगर की टीम में 31 ओवर में 162 रन बनाए। टीम के लिए सर्वाधिक 44 रन देवेंद्र ने बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पौड़ी की टीम 15 ओवर में मात्र 82 रन पर ही ढेर हो गई। पौड़ी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुलवीर उनियाल ने बताया कि तीनों टीमों ने दो-दो मैच खेल लिए हैं। प्रत्येक मैच में प्रदर्शन के आधार पर अब पौड़ी जिले की टीम की घोषणा सोमवार को की जाएगी। उनियाल ने बताया कि अंडर-19 का पहला मैच सोमवार को श्रीनगर व पौड़ी के बीच खेला जाएगा।