गोपेश्वर। जिला सभागार में आयोजित चारधाम यात्रा की तैयारी बैठक में डीएम आशीष जोशी ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा पड़ावों पर समय से व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यात्रा मार्ग पर तकनीकी परीक्षण के बाद ही वाहनों को यात्रियों को ले जाने की अनुमति दी जाएगी।
बैठक में डीएम ने सीमा सड़क संगठन और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को बदरीनाथ हाईवे के खतरनाक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए साथ ही ऐसे स्थानों पर जेसीबी और मैन पावर की तैनाती के लिए भी कहा गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भागीरथी जंगपांगी को यात्रा मार्ग पर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे एंबुलेंस, जीवन रक्षक दवाइयां और चिकित्सकों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए। कहा कि यात्रा मार्ग पर तेज गति से चलने वाले वाहनों का तत्काल चालान काटा जाए। जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों को यात्रा पड़ाव से लेकर बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब तक खाद्यान्न आपूर्ति के निर्देश दिए गए।