ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
एसडीएम नरेंद्रनगर ने कौड़ियाला-मुनिकीरेती राफ्टिंग जोन में राफ्ट में ओवरलोडिंग की शिकायत पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने छह गाइडों को हेलमेट में कैमरे लगाने पर पकड़ लिया। नियम के उल्लंघन पर एसडीएम ने हेलमेट और कैमरे जब्त कर गाइडों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
बृहस्पतिवार को एसडीएम नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान ने मुनिकीरेती क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर राफ्टों की चेकिंग की। इस दौरान राफ्ट में सवार पर्यटकों की संख्या और सुरक्षा के इंतजामों को देखा। नीमबीच क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एसडीएम ने छह गाइडों को हेलमेट में कैमरा लगाने पर रोक लिया। नियम की अनदेखी पर उनके हेलमेट और कैमरे को जब्त कर लिया गया। उन्होंने नोटिस जारी कर प्रत्येक गाइड पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन तीर्थनगरी में राफ्टिंग के लिए आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। बताया कि राफ्टों में सुरक्षा के इंतजाम और सेफ्टी आदि की निगरानी की जा रही है। संचालकों को नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बताया कि हेलमेट में कैमरा लगाना नियम विरुद्घ है। इसलिए गाइडों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई है। चेकिंग में मुनिकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय आदि शामिल थे।