कर्णप्रयाग। ब्लाक कर्णप्रयाग के सेनू गांव के जंगल में लगी आग की लपटें आबादी की ओर आने से गोशाला आग की भेंट चढ़ गई। ग्रामीणों ने किसी तरह मवेशियों और अपनी जान बचाई।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज पुंडीर और मलक सिंह ने बताया कि बुधवार रात सेनू गांव की सीमा से सटे जंगल में लगी आग एकाएक गांव के यशपाल सिंह, भरत सिंह और गोपाल सिंह की गोशाला की ओर फैल गई, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने खुद को आग से बचाते हुए रात में मवेशियों को गोशाला से लेकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इसके बाद सूचना वन विभाग व प्रशासन को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड का वाहन मौके पर पहुंचा और गांव की ओर फैल रही आग को बुझाया गया। राजस्व उपनिरीक्षक एनके मिश्रा ने बताया कि गोशाला में में लगी आग के नुकसान का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है।