ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई।
व्यापार मंडल सेलाकुई के चुनाव में अनिल चैतन्य गौड़ अध्यक्ष, राजीव गुरुंग सचिव चुने गए। चुनाव प्रक्रिया के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल और सचिव राजीव के समर्थकों ने आतिशबाजी और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। बाजार में विजयी जुलूस निकाला गया।
सोमवार को हुए चुनाव में कुल पंजीकृत 784 व्यापारियों में से 547 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर अनिल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मनोज पंवार को 16 मतों से हराया। अनिल चैतन्य गौड़ को 164 और मनोज को 148 वोट मिले। इसके अतिरिक्त अमित अग्रवाल को 54, मोहम्मद कलीम को 68, सुधीर रावत को 97 वोट मिले।
सचिव पद पर राजीव गुरुंग ने हर्षदीप को 177 मतों से हराया। राजीव को 355 और हर्षदीप को 178 वोट मिले। चुनाव प्रक्रिया संरक्षक दिनेश महावर की देख-रेख में संपन्न हुई। सुबह दस से शाम तीन बजे तक वोटिंग प्रक्रिया संपन्न हुई। जिसके बाद मतगणना की गई। अध्यक्ष पद पर अनिल और मनोज के बीच हुई कांटे की टक्कर में जैसे-जैसे मतों की गिनती आगे बढ़ती गई। अंत में अनिल ने मनोज को 16 मतों के अंतर से हराकर पद पर कब्जा जमा लिया। रिजल्ट घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों के समर्थक खुशी से झूम उठे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सचिव ने कहा कि वह व्यापारियों की समस्याओं को उठाएंगे। जल्द ही कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा।