देवाल। छह माह से मिट्टी तेल का इंतजार कर रहे गांवों के लिए जब मिट्टी तेल आया तो पूर्ति विभाग ने उसे बाजार में बांट दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने मिट्टी तेल वितरक का घेराव किया। साथ ही मामले में विभाग से मिट्टी तेल वितरक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
ब्लाक के रामपुर, तोरती, बलाड़, हिमनी, घेस, बमोटिया, झलिया, सौरीगाड़, उपथर सहित कई गांवों में बिजली नहीं है। यहां लोग अब भी लालटेन के सहारे रह रहे हैं। छह माह से इन गांवों के लोगों को मिट्टी का तेल भी नहीं मिल पा रहा था। लगातार मांग के बाद शुक्रवार को यहां मिट्टी तेल का एक टैंकर पहुंचा, लेकिन जरूरतमंद गांवों के डीलरों को मिट्टी तेल बांटने के बजाए वितरक ने बाजार के डीलरों को मिट्टी तेल आवंटित कर दिया। इससे गुस्साए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने वितरक का घेराव किया। महावीर बिष्ट, हुकम सिंह, लखन रावत आदि ने मिट्टी तेल का गलत रूप से वितरण करने पर इसके लिए विभाग को जिम्मेदार बताया। वितरक की ओर से एक सप्ताह में मिट्टी तेल देने का आश्वासन मिलने पर ही ग्रामीण शांत हुए। इधर पूर्ति निरीक्षक भगवती प्रसाद रतूड़ी ने बताया कि वितरक की ओर से बिना सूची लिए अपनी मर्जी से मिट्टी तेल बांटा गया है। वितरक को नोटिस भेजा जा रहा है। इस पर शीघ्र कार्रवाई होगी।