गैरसैंण। राज्यपाल के अभिभाषण में भराड़ीसैंण में मिनी सचिवालय बनाए जाने की बात को लेकर बुधवार को आंदोलनकारियों का गुस्सा और मुखर होकर सामने आया। गैरसैंण को तत्काल स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने नैनीताल हाईवे पर सात घंटे तक जाम लगाया। शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस प्रशासन ने आंदोलनकारियों को सड़क से जबरन उठाकर बस में बिठाया। इस दौरान 38 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आंदोलनकारियों ने पुलिस पर महिला आंदोलनकारियों को जबरन घसीटकर बस तक ले जाने का आरोप लगाया है।
बुधवार को आंदोलनकारी सुबह साढ़े दस बजे से गैरसैंण चौराहे पर बैठ गए। इससे गढ़वाल और कुमाऊं को आने-जाने वाला यातायात बंद हो गया। पुलिस ने आंदोलनकारियों को मनाने की कोशिश की, लेकिन आंदोलनकारी मुख्यमंत्री और सरकार के प्रतिनिधियों से वार्ता के बाद ही जाम खोलने की बात पर अड़े रहे। शाम साढ़े चार बजे तक भी जब जाम नहीं खुला तो पुलिस प्रशासन ने जबरन आंदोलनकारियों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की होने से कई आंदोलनकारी चोटिल भी हुए। कमला पंवार, कृष्णा नेगी सहित कई अन्य महिला आंदोलनकारियों को पुलिस घसीटते हुए बस तक ले गई। करीब 38 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर मेहलचौंरी जेल ले जाया गया, जिन्हें बाद में एसडीएम सदर परमानंद राम द्वारा छोड़ दिया गया। प्रदर्शनकारियों में धन सिंह, महावीर सिंह, सुरेश कुमार बिष्ट, नंदन सिंह, वीरेंद्र लाल, मनमोहन पंत, वीरेंद्र सिंह, संजय रावत, देवेंद्र सिंह, धनीराम, लक्ष्मण सिंह, मुकेश चंद्र, नवीन चंद्र, रामप्रसाद, प्रेम सिंह, देवेंद्र बिष्ट, राकेश कुमार, संजय कुमार, मोहन पंत, सुरेंद्र सिंह, प्रवीण सिंह, कमला पंवार, पुष्पा रावत, साधना देवी, कृष्णा नेगी, सरिता शाह, अंशु चौहान, सरिता देवी आदि शामिल थे।
ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के...
गैरसैंण। स्थायी राजधानी की मांग को लेकर बुधवार को चौराहे पर धरना दे रहे आंदोलनकारियों ने जनगीतों के माध्यम से अपनी मांगों को पूरी करने की बात कही। महिलाओं ने ‘ ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के...’ सहित अन्य जनगीतों के माध्यम से गैरसैंण राजधानी बनाए जाने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। आंदोलनकारियों ने सड़क पर ही खिचड़ी खाकर धरना जारी रखा। ब्यूरो
बाइक सवार की हुई पिटाई
गैरसैंण। नैनीताल हाईवे पर बुधवार सुबह राजधानी की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने धरना दिया, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। इस दौरान एक बाइक सवार युवक जबरन आंदोलनकारियों के बीच से घुसने का प्रयास करने लगा, तभी बाइक सवार की जबरदस्ती से गुस्साई महिला आंदोलनकारियों ने बाइक सवार की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस के बीच बचाव से मामला थमा। ब्यूरो
लोग रहे परेशान
गैरसैंण। बुधवार सुबह से करीब सात घंटे तक लगे जाम से लोग परेशान रहे। इस दौरान ग्वाड़ गदेरा से मेहलचौंरी की ओर करीब तीन किमी लंबा जाम लगा रहा। हालांकि गैरसैंण और आसपास के गांवों के लोगों ने तीन से पांच किमी की पैदल दूरी नापी, लेकिन रानीखेत, हल्द्वानी, रुद्रपुर, नैनीताल सहित अन्य स्थानों को जाने वाले यात्री परेशान रहे। ब्यूरो