देवाल। ब्लाक के कांडई ग्राम पंचायत में संचालित श्रीगुरुरामराय पब्लिक स्कूल (एसजीआरआर) के बंद किए जाने को लेेकर अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में हंगामा किया। ग्रामीणों ने बच्चों की परीक्षा कराने और टीसी देने की मांग उठाई। करीब दो घंटे तक हंगामा होने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा कराने और 23 मार्च को टीसी देने की बात कही। इसके बाद ग्रामीण माने।
करीब डेढ़ दशक पूर्व कांडई गांव में एसजीआरआर स्कूल की स्थापना की गई थी। कक्षा एक से आठ तक संचालित होने वाले इस स्कूल के लिए ग्रामीणों ने 10 नाली भूमि संस्था के नाम दान दी थी, लेकिन स्कूल में घटती छात्र संख्या के चलते अब स्कूल बंद किया जा रहा है। शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन विद्यालय भवन से सामान आदि को शिफ्ट कर रहा था। इसकी भनक जैसे ही अभिभावकों को लगी तो अभिभावक ग्रामीणों के साथ मिलकर स्कूल परिसर पहुंचे और हंगामा किया। ग्राम प्रधान बीना देवी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन पहले बच्चों की परीक्षा पूर्ण करवाए। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की टीसी देने के बाद ही स्कूल को बंद करे। इस दौरान विद्यालय स्टाफ और अभिभावकों के बीच बहस भी हुई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए विद्यालय में पुलिस को बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे बाद विद्यालय प्रबंधन ने 23 मार्च को टीसी देने के बाद ही विद्यालय बंद करने का आश्वासन दिया जिस पर ग्रामीण मानें। प्रधान बीना देवी ने कहा कि मामले में शीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल एसजीआरआर के प्रबंधन से मुलाकात करेगा। इधर प्रधानाचार्य सौम्य बधाणी ने कहा कि स्कूल में महज 61 बच्चे हैं, जिससे स्कूल प्रति माह 93 हजार का नुकसान उठा रहा है। स्कूल बंद करने की सूचना अभिभावकों को छह माह पूर्व दे दी गई थी।