भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। यहां 20 मार्च से प्रस्तावित विधानसभा सत्र की तैयारियां अब जोर पकड़ चुकी हैं। शुक्रवार को
विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने भराड़ीसैंण पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सत्र के दौरान पहली बार भराड़ीसैंण में राज्यपाल का अभिभाषण भी होगा, प्रशासन इसकी तैयारियों में भी जुटा हुआ है। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सचिव ने अवशेष सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
विधानसभा सचिव ने कहा कि सत्र के आयोजन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। पेयजल, विद्युत और टेलीफोन सेवाओं को दुरुस्त कर लिया गया है। आवास और खानपान संबंधी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। विधायकों सहित मंत्रियों और अधिकारियों के आवासों की साफ सफाई की जा रही है। विधान भवन परिसर और हॉल में सफाई कर फर्नीचर लगाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर भराड़ीसैंण हेलीपैड सहित स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के लिए कहा। बैठक में जिलाधिकारी आशीष जोशी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद गोस्वामी, एसडीएम गैरसैंण स्मृता परमार, विधानसभा का निर्माण कर रही वीकेजे कंपनी के प्रबंधक नरेंद्र लखचौरा सहित लोक निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, पेयजल, दूरसंचार और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
गौचर हेलीपैड पर हुई बैठक में एसडीएम केएन गोस्वामी ने कहा कि सत्र के लिए मंत्रियों, विधायकों सहित अन्य आला अधिकारियों का आवागमन 19 मार्च से शुरू होगा। राज्यपाल भी 19 मार्च को यहां पहुंच सकते हैं। इसके तहत गौचर हेलीपैड को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईटीबीपी आठवीं वाहिनी में राज्यपाल के संभावित रात्रि विश्राम की व्यवस्थाएं की गईं। बैठक में हाईवे पर चौड़ीकरण के लिए काटे गए पेड़ों को हटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।