ब्यूरो/मुनिकीरेती । मुनिकीरेती में आयोजित ऋषिकेश इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के चौथे दिन आध्यात्म पर आधारित चार फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। महोत्सव में शामिल हो रहे देश-विदेश से आए प्रतिभागियों को तीर्थनगरी के गंगा घाटों व स्वर्गाश्रम और लक्ष्मणझूला के मठ-मंदिरों के दर्शन कराए गए। मुनिकीरेती स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम के गंगा रिसॉर्ट विश्राम गृह में आयोजित ऋषिकेश इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के चौथे दिन बृहस्पतिवार को आध्यात्म पर आधारित चार डाक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई गई।
फिल्म के पहले शो में उज्जैन व इलाहाबाद में हुए कुंभ मेले पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। इस फिल्म में कुंभ के दौरान संत- महात्माओं की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया गया। दूसरे शो में रीन फिल्म को प्रदर्शित किया गया। तीसरे शो में अपने शरीर को स्वस्थ रखने का संदेश फिल्म के जरिए दिया गया। फिल्म में एक व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित है, जिसे कई चिकित्सकों से इलाज के वाबजूद भी उसके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो पाता, लिहाजा वह योग की शरण में आता है। उसके बाद वह स्वयं को स्वस्थ महसूस करने लगता है।
चौथे शो में ऋषिकेश फॉर्म अभव फिल्म प्रदर्शित की गई। फिल्म के जरिए तीर्थनगरी ऋषिकेश के विभिन्न धर्म स्थलों को ड्रोन कैमरे से शूट किया गया है। साथ ही प्रतिभागियों को स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला के मंदिरों, कुंजापुरी मंदिर, प्राचीन श्री भरत मंदिर आदि से संबंधित जानकारी दी गई। इस अवसर पर तेजस्वी गिरी, विशाल, आकाश, पियूष, आदि मौजूद थे।