देवाल। देवाल-खेता मार्ग से कोटेड़ा गांव तक मोटर मार्ग के समरेखण को बदलने की मांग को लेकर कोटेड़ा के ग्रामीणों ने जुलूस निकाला और ब्लाक कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन भेजा और सड़क का समरेखण नहीं बदले जाने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की चेतावनी दी।
ग्राम प्रधान कोटेड़ा खड़ग राम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कहा कि शासन-प्रशासन, पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से कोटेड़ा गांव को देवाल-खेता मार्ग से घिंघराण तोक तक जोड़ने की मांग कर चुके हैं लेकिन कार्यदाई विभाग ने ग्रामीणों की नहीं सुनीं। विभाग ने सड़क का सर्वे बोरागाड़-चौड़ मोटर मार्ग से किया जिसका ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिलेगा। धरना-प्रदर्शन करने वालों में मोहन राम, राजुली देची, कुशी राम, दौलत राम, गुलाब राम, दरवान राम, तारा राम, केशी राम, नंदू राम, भवान राम, धनी राम, तरूवा राम, चंद्र राम, रामी राम आदि शामिल थे।