ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
देहरादून-विकासनगर रूट पर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन बंद करने पर लोग भड़क गए। उन्होंने उत्तराखंड आंदोलनकारी मंच और आर्यन सामाजिक संगठन के बैनर तले एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर बसों को पुन: संचालित करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा कि पूर्व में रूट पर 10 से अधिक परिवहन निगम की बसों का संचालन किया जाता था। लेकिन 14 फरवरी से देहरादून-विकासनगर रूट पर चलने वाली निगम की बसों का संचालन बंद कर दिया गया। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। कहा परिवहन निगम की बसों में महिला, राज्य आंदोलनकारी और दिव्यागों को निशुल्क सुविधा दी जाती थी। लेकिन बस सेवा के बंद होने से यह सेवाएं भी बंद हो गई है। कहा यदि शीघ्र ही बसों का संचालन शुरू नहीं हुआ तो लोगों आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तराखंड आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, आर्यन सामाजिक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुमित नेगी, जय कृष्ण सेमवाल, रोहित रोहिला, शंकर साहू, विनित, पुष्कर राज बहुगुणा, प्रहृलाद, राकेश, नेपाल सिंह, नरेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।