ब्यूरो/अमर उजाला/डोईवाला।
नगर पालिका डोईवाला के सीमा विस्तार से शहर का हिस्सा बनने जा रहे ग्रामीण इलाकों को पालिका में शामिल करने के विरोध में आपत्तियों का दौर शुरू हो गया। विस्थापित अठूरवाला के पूर्व प्रधान और वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत तीन लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई है।
अठूरवाला के पूर्व ग्राम प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल का कहना है कि सीमा विस्तार से टिहरी विस्थापितों के हित प्रभावित होंगे। इसके अलावा मिलने वाली सुविधाओं में भी कटौती हो जाएगी। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि सीमा विस्तार से अठूरवाला ग्राम पंचायत को डोईवाला नगर पालिका में मिलाने से ग्रामीणों के अधिकारों का हनन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में टिहरी विस्थापितों को शासनादेश के तहत किसी भी प्रकार के शुल्क से मुक्त रखा गया है। लिहाजा अठूरवाला ग्राम पंचायत को नगर पालिका से पृथक रखा जाए।