श्रीनगर। स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित किए जाने की मांग के लिए आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजे। वहीं अनशनकारी संजय घिल्डियाल व प्रवीण कुमार का अनशन सोमवार को भी जारी रहा।
सोमवार को आंदोलन स्थल गोलापार्क में आयोजित बैठक में आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक गैरसैंण स्थायी राजधानी की घोषणा नहीं हो जाती, अनशन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। इस दौरान आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेज बजट सत्र में स्थायी राजधानी घोषित किए जाने की मांग की। रविवार देर शाम महिला मंच की अध्यक्ष कमला पंत, स्त्री मुक्ति लीग की कविता कृष्ण पल्लवी, नौजवान भारत सभा के अपूर्व, भारत स्वाभिमान मंच के सुरेंद्र रावत ने भी अपना समर्थन दिया। सोमवार को अनशनकारियों के समर्थन में धरने पर बैठने वालों में अनिल स्वामी, पीवी डोभाल, जगदंबा रतूड़ी, मदन मोहन नौटियाल, विभोर बहुगुणा, गंगा थपलियाल, उमा घिल्डियाल, समीर रतूड़ी, प्रेमदत्त नौटियाल आदि धरने पर बैठे।