श्रीनगर। गढ़वाल हीरोज दिल्ली गढ़वाल इलेवन पौड़ी को हराकर स्व. पूरन चंद उनियाल स्मृति राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गया है। दिल्ली ने बेहद रोमांचक मैच में पौड़ी को 2-0 से होगा। फाइनल में बुधवार को दिल्ली की भिड़ंत मंगलवार को होने वाले सेमीफाइनल मैच के विजेता टीम से होगी। आज उत्तराखंड पुलिस और इंडियन एअर फोर्स के बीच मुकाबला होगा।
जीआईएंटीआई मैदान में सोमवार को राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच गढ़वाल हीरोज दिल्ली और गढ़वाल इलेवन पौड़ी के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच का परिणाम दूसरे हॉफ में निकला। पहले हॉफ में दोनों टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। दोनों टीमों को गोल करने के मौके मिले, लेकिन इन मौकों को गोल में तब्दील नहीं कर पाए। मैच के 55 वें मिनट में दिल्ली के शशांक ममगांई ने पहला गोल किया। लगभग 10 मिनट बाद दिल्ली के धीरज जंगपांगी ने दूसरा गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। इसके बाद पौड़ी को गोल करने के अवसर मिले, लेकिन सफल नहीं रह पाए। जिस पर दिल्ली 2-0 से विजयी रही। बॉल छीनने के संघर्ष में कई बार दोनों टीमों के खिलाड़ियों में नोंक-झोंक भी हुई। जिस पर रैफरी ने तीन खिलाड़ियों को पीला कार्ड दिखाए।
मैच रैफरी की जिम्मेदारी सुरेंद्र रावत और लाइनमैन की जिम्मेदारी एसएस रावत व ललित बिष्ट ने निभाई। इस अवसर पर आयोजन समिति अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, सचिव विजय उनियाल, संजय गुप्ता, अभिषेक नेगी, योगेश रावत, दिगंबर रावत, गजपाल नेगी, रघुवीर नेगी, विक्रम रावत और अभिनव भंडारी आदि मौजूद थे।