गोपेश्वर। महिला दिवस पर जिला पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में डीएम आशीष जोशी ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को महिलाओं का सम्मान करने, बालक व बालिकाओं को समान शिक्षा देने, किसी से भेदभाव सहन न करने, उत्पीड़न व हिंसा रोकने जैसी बुराइयों के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई।
डीएम ने कलक्ट्रेट में सेवारत एडीएम ईला गिरी, बीना जखमोला, सरिता, पुष्पा रावत, बिंदु खत्री और हिरदेई को प्रशस्तिपत्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत ब्लाकों में जन जागरूकता लाने के उद्देश्य से बालिका रथ को जिला पंचायत परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। डीएम ने राजकीय सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी के साथ ही सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने वाली जनप्रतिनिधि चंद्रकला तिवारी, भागीरथी कुंजवाल, शांति कांडपाल, मधुली देवी, मानसी नेगी, शालिनी, राजेश्वरी, माहेश्वरी, गुड्डी, नर्मदा, नंदा, मुन्नी, लक्ष्मी, डा. मेघा पंवार, लीला और ऊषा को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, घाट, पोखरी, जोशीमठ, नंदप्रयाग और पीपलकोटी में भी महिला दिवस पर जन जागरूकता रैली निकाली गई। गोपेश्वर पुलिस मैदान में एटी इंडिया की निदेशक मालती हालदार ने संघर्षशील महिलाओं को सम्मानित किया गया। अक्षत नाट्य संस्था के कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।
चावल के 825 दानों से बनाई बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की पेंटिंग
गोपेश्वर। घिंघराण क्षेत्र के रौली-ग्वाड़ गांव निवासी अशोक सिंह ने अपनी पेंटिंग के जरिए आम जनता को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया है। अशोक ने चावल के 825 दानों से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की पेंटिंग तैयार की है। उनकी इस पेंटिंग को लोगों ने सराहा है। अशोक इससे पूर्व चावल के दानों से बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर का चित्र बना चुके हैं। उन्होंने विगत वर्ष नवंबर माह में गोपेश्वर में आयोजित जनता दरबार में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट को भी अपनी पेंटिंग भेंट की थी। अशोक को बचपन से ही चित्रकला का शौक है। अशोक कहते हैं कि मेरा उद्देश्य नई पीढ़ी को चित्रकला की विधा से जोड़ना है।
महिला दिवस पर हुए विभिन्न कार्यक्रम
कर्णप्रयाग/गैरसैंण/आदिबदरी/देवाल। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हिमाद्री प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कर्णभूमि कलामंच के कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।
वहीं आदिबदरी और गैरसैंण में श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की ओर से महिला दिवस मनाया गया। आदिबदरी के रामलीला मैदान में महिला मंगल दलों ने कई मनोरंजक और ज्ञानवर्द्धक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र पंचायत सदस्य शकुंतला देवी और आदिबदरी की प्रधान दीपा देवी ने किया। महिला मंगल दल मालसी ने लोक परिधान में चौफुला नृत्य ‘देवी देवताओं को देश गढ़भूमि आवा गावा गीत नाचा झूमी’ की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं महिला मंगल दल जुलगढ़ ने ‘डालि बचावा बेटी बचावा’ एकांकी नाटक की प्रस्तुति दी। गैरसैंण ब्लाक सभागार में प्रमुख सुमति बिष्ट की अध्यक्षता में विभिन्न कार्यक्रम हुए। वहीं देवाल ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने एक बड़ा सामाजिक आंदोलन खड़ा करने की जरूरत बताई। ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ब्लाक की महिला समूह सेलखोला, पदमल्ला, ल्वाणी, हाटकल्याड़ी, कांडेई, पूर्णा सहित कई गांवों की महिलाओं ने भाग लिया।