गोपेश्वर। सैनिक विश्राम गृह के शौचालय में एक पूर्व सैनिक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
बुधवार शाम को पूर्व सैनिक रघुनाथ सिंह (76), ग्राम सुखतोली, कर्णप्रयाग सैनिक विश्राम गृह में रात्रि विश्राम के लिए पहुंचे। विश्राम गृह के इंचार्ज मदन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सात बजे कमरे के बाहर से पूर्व सैनिक को आवाज दी, लेकिन कमरे से कोई आवाज नहीं आई। कमरे में गया तो वहां कोई नहीं था। जब शौचालय का दरवाजा खोला तो देखा वे जमीन पर गिरे हुए थे। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली चमोली में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पूर्व सैनिक को देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।