गोपेश्वर। चमोली जिला प्रशासन ने 20 मार्च भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी आशीष जोशी ने जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर भराड़ीसैंण में मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को 18 मार्च तक भराड़ीसैंण में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
आवासीय व्यवस्था के लिए उन्होंने गैरसैंण, आदिबदरी, कर्णप्रयाग, गौचर सहित जिले की सीमा से जुड़े अन्य जिलों में स्थित समस्त सरकारी गेस्ट हाउस को अधिग्रहित करने के निर्देश संबंधित उपजिलाधिकारियों को दिए। पेयजल निगम के अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और स्वास्थ्य विभाग को भराड़ीसैंण में स्वास्थ्य सेंटर की स्थापना व क्षेत्र के सभी सीएचसी व पीएचसी में पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था और चिकित्सकों की तैनाती करने के लिए कहा गया। सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी से कहा गया कि वे शासन से एयर एंबुलेंस की मांग करें। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, विधानसभा भवन, सचिवालय, वीआईपी आवास और मीडिया सेंटर में वाई-फाई और नेटवर्क की समुचित व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ईला गिरी, प्रभारी सीडीओ प्रकाश रावत, एसडीएम गैरसैंण स्मृता परमार, एसडीएम केएन गोस्वामी के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।