गोपेश्वर। राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान गोपेश्वर में सिविल ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने कहा कि सिविल ट्रेड में एक वर्ष से प्रवक्ताओं की तैनाती नहीं हुई है, जिससे पठन-पाठन ठप पड़ा है। छात्र-छात्राओं ने डीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा यदि शीघ्र मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान के छात्र-छात्राएं प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग को लेकर कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद यहां हुई सभा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर संगठन मंत्री प्रवीन असवाल ने कहा कि सिविल ट्रेड में 65 छात्र-छात्राएं हैं। शासन ने वर्ष 2016 में सिविल ट्रेड का संचालन बंद कर दिया था, लेकिन इससे पूर्व से ही यहां छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ट्रेड की पढ़ाई के लिए संस्थान में एक भी प्रवक्ता नहीं है। डीएम ने उन्हें प्रवक्ताओं की तैनाती का आश्वासन दिया। इस मौके पर एबीवीपी के नगर मंत्री मोहित मेहरा, लोकेंद्र सिंह रावत, सूर्य प्रकाश पुरोहित, गुड़िया, तनिशा, पूजा, पूनम, पायल, रेखा, मनीषा, आशीष, नवीन, हिमांशु, सौरभ नेगी, आयुष हटवाल, राकेश सिंह और विकेश कुमार आदि मौजूद थीं।