ब्यूरो/अमर उजाला/ साहिया।
युवाओं को जिस जिम्नेजियम हॉल(व्यायामशाला) में तंदुरुस्त रहने और बॉडी बिल्डिंग के गुर सिखाए जाने थे, वह खुद बीमार है। विभागीय उदासीनता के चलते 13 साल बाद भी भवन(हॉल) ग्राम सभा को हस्तांतरित नहीं हो सका है। जिसके चलते क्षेत्रीय युवाओं में विभाग के प्रति गुस्सा है।
युवओं का कहना है कि विभाग इसके प्रति जरा सा भी संवेदनशील होता तो इसकी यह हालत न होती। 13 वर्ष पूर्व साहिया स्थित साकेत बस्ती में 4.80 लाख की लगात से जिम्नेजियम हाल का निर्माण किया गया। लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते व्यायामशाला को अभी तक ग्राम सभा के हैंडओवर नहीं किया जा सका है। जिसके चलते व्यायामशाला बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। साहिया नेवी के प्रधान मोहन शर्मा, उत्पाल्टा के प्रधान सतपाल राय, सुभाष भाटी, बृजेश भसीन आदि का कहना है कि समय रहते व्यायामशाला को ग्राम सभा को हैंडओवर कर दिया जाता, यहां ट्रेनर की नियुक्ति और उपकरण मुहैया कराया होता तो ऐसी हालत न होती। अब हाल यह है कि भवन की दीवारों में दरारें पड़ी है। परिसर और छत पर घास उग आई है। कभी भी यह भवन भरभरा कर गिर सकता है। कहा विभाग को इसकी जल्द सुध लेनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के युवा यहां बॉडी बिल्डिंग के गुर सीख विभिन्न प्रतियोगिताएं जीत क्षेत्र का नाम रोशन कर सके।
व्यायामशाला में कुछ काम शेष है। जिसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। जल्द ही शेष कार्य पूरा कर इसे ग्राम सभा को सौंप दिया जाएगा। व्यायामशाला के लिए उपकरण भी उपलब्ध कराएं जाएंगे।
- शक्ति सिंह, युवा कल्याण अधिकारी