ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में मंगलवार को परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मी नजर आए। एसडीएम से बीईओ के शिकायत करने के बाद पुलिस अधिकारी हरकत में आए और मंगलवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। डोईवाला ब्लॉक के 29 परीक्षा केंद्रों में हाईस्कूल के 3255 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिट की परीक्षा में बीते सोमवार को परीक्षा केंद्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं किए जाने पर खंड शिक्षा अधिकारी मुखलाल प्रसाद ने एसडीएम डोईवाला से इसकी लिखित शिकायत की थी। इसके बाद मंगलवार को शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। शहर में जीजीआई, भरत मंदिर इंटर कॉलेज, पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कॉलेज, आईडीपीएल इंटर कॉलेज और छिद्दरवाला के अलावा रायवाला इंटर कॉलेज में पुलिस तैनात रही।
54 छात्र-छात्राएं रहे अनुपस्थित
बीईओ एमएल प्रसाद के मुताबिक हाईस्कूल के मंगलवार को पहले पेपर में डोईवाला ब्लॉक अंतर्गत 29 परीक्षा केंद्रों में कुल 3309 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 3255 परीक्षा देने के लिए केंद्रों में पहुंचे। 54 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे।
सचल दस्ते ने किया निरीक्षण
बीईओ एमएल प्रसाद की अगुवाई में सचल दस्ते ने श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज, हरिचंद आर्दश कन्या इंटर कॉलेज, आईडीपीएल इंटर कॉलेज, गंगोत्री विद्या निकेतन बापूग्राम और हाईस्कूल डोईवाला का जायजा लिया। इस दौरान किसी केंद्र में कोई खामी नहीं मिली। दस्ते में डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल, एनएल सिंह, रचना अग्रवाल, उर्मिला आदि शामिल थे।