ब्यूरो/डोईवाला। उत्तराखंड बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से इंटरमीडिएट के हिंदी के पेपर के साथ शुरू हो जाएगी। डोईवाला परिक्षेत्र में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 29 केंद्रों को बनाया गया है। देर शाम तक केंद्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन को तैनात कर दिया गया है। डोईवाला ऋषिकेश परिक्षेत्र में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के लिए 29 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन को जिम्मेदारी दे दी गई है।
रविवार को उपजिलाधिकारी डोईवाला कुश्म चौहान के निर्देशन में खंड शिक्षा अधिकारी मुखलाल प्रसाद ने सभी तैयारियों को पुख्ता करने का दावा किया है। खंड शिक्षा अधिकारी मुखलाल प्रसाद के अनुसार भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश जैसे संवेदनशील परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया गया है। बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कहा कि केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के लिए सभी जरूरी दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। नकल विहीन परीक्षा के लिए ब्लॉक स्तर पर दो उड़नदस्ते भी तैयार कर दिए गए है। जो सभी परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण करेंगे। बताया कि सोमवार को इंटरमीडिएट हिंदी का पेपर होगा।