ब्यूरो/ अमर उजाला, मसूरी
पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार को अचानक मौसम ने करवट बदली। तापमान में भारी गिरावट आने पर दोपहर बाद मसूरी में जमकर ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से देहरादून हाईवे समेत कई मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, पर्यटकों ने ओलावृष्टि का लुत्फ उठाया।
रविवार को तापमान में भारी गिरावट आने से दोपहर बाद करीब तीन बजे मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। करीब डेढ़ घंटे तक हुई ओलावृष्टि से सड़कों पर ओलों की मोटी सफेद चादर बिछ गई। देहरादून मसूरी मुख्य मार्ग पर गज्जी बैंड से लेकर किताब घर चौक तक लगभग चार किमी का लंबा जाम लगने के कारण पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देहरादून हाईवे पर बड़े मोड़ से लेकर पिक्चर पैलेस, सिविल रोड, स्प्रिंग रोड, माल रोड सहित अन्य संपर्क रोड पर भी लोगाें को जाम से घंटो जूझना पड़ा।
विभिन्न मार्गों पर फिसलन की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ी। कई दोपहिया वाहन फिसलने से वाहन सवार चोटिल भी हो गए। कुछ पर्यटकों ने ओले में फिसलने से घबराकर व जाम में फंसने के डर से अपने वाहनों को देहरादून की और वापस मोड़ दिया।
वहीं, मसूरी के मौसम में भारी गिरावट के चलते मसूरी व उसके आसपास के देर रात तक बर्फबारी होने की संभावना भी बढ़ गई थी। दूसरी ओर पर्यटकों ने ओलावृष्टि का जमकर लुफ्त उठाया। कई जगहों पर पर्यटक ओलों से खेलते नजर आए।