ब्यूरो/ अमर उजाला, विकासनगर
एक मुस्लिम परिवार ने बेटे की शादी कार्ड से समाज में बेटी बचाओ, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया है। कार्ड में तीनों अभियानों से संबंधित स्लोगन छपवाए गए हैं। परिवार की इस सकारात्मक पहल की हर कोई तारीफ सराहना कर रहा है।
जीवनगढ़ निवासी हनीफ अंसारी के बेटे मासूम अंसारी की 12 मार्च को जीवनगढ़ के ही अब्दुर्ररहमान की बेटी बानो प्रवीण से निकाह होना है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही है। शादी के कार्ड बांटे जा रहे हैं। अंसारी परिवार ने लोगों को बेटियों, पर्यावरण और स्वच्छता के महत्व को समझाने के लिए शादी के कार्ड में तीनों अभियानों से जुड़े स्लोगन छपवाए हैं। हनीफ अंसारी का कहना है कि लोगों को बेटे और बेटियों में फर्क नहीं करना चाहिए। बेटियां भी परिवार का नाम रोशन करती हैं। इनकी शिक्षा और संस्कार पर सबको ध्यान देना चाहिए। वहीं, उनका कहना है कि देश में पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी देश महान बनेगा। जबकि सफाई कर देश को सुंदर बनाया जा सकता है। इसी का संदेश देने के लिए कार्ड में यह स्लोगन छपवाए गए हैं।