श्रीनगर। आगामी 6 मार्च से हो रही प्रथम स्व. पूरण चंद उनियाल स्मृति राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के फिक्सर (मैच निर्धारण) तय हो गए हैं। उद्घाटन मैच में एलएनआईपीई ग्वालियर (मध्य प्रदेश) और आक्रांता फुटबाल क्लब देहरादून के बीच भिड़ंत होगी। प्रतियोगिता का फाइनल 14 मार्च को होगा।
श्रीनगर के जीआईएंडटीआई मैदान में अदिति स्मृति न्यास की पहल पर पहली बार राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता हो रही है। शनिवार को प्रतियोगिता के आयोजक मंडल के सदस्यों ने प्रतियोगिता में शामिल हो रही टीम और फिक्सर की जानकारी दी। आयोजक गिरीश पैन्यूली, विक्रम रावत और वीरेंद्र नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता में 12 टीम भाग ले रही हैं। इसमें 4 उत्तराखंड की हैं और शेष 8 प्रदेश से बाहर की।
देश की 4 बेहतर टीमों को सीधे क्वार्टर फाइनल मैचों में प्रवेश दिया गया है, जबकि 8 टीम लीग कम नॉक आउट मैच खेलेंगी। लीग मैच के लिए टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। इन ग्रुपों की विजेता 4 टीम क्वार्टर फाइनल मैच में सुपर टीमों से भिडे़ंगी। उन्होंने बताया 6 मार्च को पहला मैच अपराह्न एक बजे से एलएनआईपीई ग्वालियर और आक्रांता फुटबाल क्लब देहरादून के बीच होगा। इस मौके पर प्रतियोगिता के प्रायोजक विजय उनियाल, ललित बिष्ट, संजय, संजय फौजी और वासुदेव कंडारी आदि उपस्थित थे।