ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
अब त्यूनी स्थित गूंडा गांव, माटल कॉलोनी और नया बाजार में लोगों को लो-वोल्टेज की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। लो- वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए विभाग 250 केवी की क्षमता के दो नए ट्रांसफार्मर लगाने जा रहा है। इसके साथ ही सिंगल लाइन को डबल फेज में तब्दील करने जा रहा है। इससे लोगों को लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगी।
इन तीन स्थानों पर 500 परिवार निवास करते हैं। क्षेत्र में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर होने के कारण शाम ढलते ही लो-वोल्टेज की समस्या पैदा हो जाती है। बिजली उपकरण शोपीस बने जाते हैं। लंबे समय से लोग क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद अब विभाग 25 लाख रुपये की लागत से दो नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ ही लाइन को डबल फेज करने जा रहा है। स्थानीय निवासी मातवर सिंह चौहान, बलवीर सिंह चौहान, नारायण सिंह पंवार आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से लाइन ट्रिप नहीं करेगी। अभी लाइन ट्रिप करते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। एसडीओ अशोक कुमार ने कहा कि मार्च प्रथम सप्ताह में ट्रांसफार्मर बदलने का काम शुरू कर दिया जाएगा।