ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
तपोवन वॉलीबाल मेंबर्स स्पोर्ट्स क्लब और व्यापार मंडल तपोवन के सहयोग आयोजित दो दिवसीय वॉलीबाल टूर्नामेंट का समापन मंगलवार देर रात हुआ। टूर्नामेंट में बीजी रुड़की की टीम को हराकर मोनाल क्लब देहरादून की टीम सिरमौर बनी। विजेता टीम को नकद और ट्रॉफी भेंटकर सम्मानित किया गया।
स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष हेमंत चौहान ने बताया कि लक्ष्मणझूला टैक्सी पार्किंग परिसर में आयोजित वॉलीबाल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबला पुलिस लाइन देहरादून और मोनाल क्लब के बीच हुआ। मोनाल क्लब की टीम ने पुलिस लाइन को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद मोनाल क्लब देहरादून और बीजी क्लब रुड़की के बीच मंगलवार रात करीब 11.30 बजे तक चले फाइनल मुकाबले में मोनाल क्लब ने बीजी रुड़की को हराकर जीत अपने नाम की। टूर्नामेंट के समापन पर विजेता मोनाल क्लब की टीम को तपोवन वॉलीबाल स्पोर्ट्स क्लब और व्यापार मंडल ने नकद पुरस्कार के साथ ही ट्रॉफी से नवाजा गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुरेश उनियाल, तपोवन व्यापार मंडल के अध्यक्ष लेखराज भंडारी, वीरेंद्र गुसाईं, अर्पित अरोड़ा, धर्मेंद्र नौटियाल, आलोक जैन, भगवती प्रसाद भट्ट, अभिषेक शर्मा, सागर राय, भानु शर्मा, बृजमोहन कंडारी आदि मौजूद रहे।