गैरसैंण। नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में सभासदों ने विधायक निधि से लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के आवंटन को लेकर हंगामा काटा। सभासदों ने कहा कि विधायक निधि से मिली स्ट्रीट लाइटों का काम जहां चहेते ठेकेदारों को दिया गया। वहीं कई गांवों की गलियां आज भी अंधेरी हैं। जरूरत के गांवों में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई गई हैं। बैठक में भवन कर के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वार्ड संख्या चार के सभासद पुष्कर कोलखी ने वार्ड संख्या चार में एक भी सोलर लाइट नहीं लगाए जाने की शिकायत की। कहा कि विधायक द्वारा अपनी निधि से दी गई स्ट्रीट लाइटों के आवंटन में भेदभाव किया गया। वहीं सभासद दिगंबर सिंह ने कहा कि सोलर लाइट के आवंटन गलत तरीके से कर बाहरी और चहेते ठेकेदारों को यह काम दिया गया। कई जरूरतमंद गांवों में आज जानबूझकर सोलर लाइटें नहीं दी गई। जिसके बाद अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार ने कहा कि सलियाणा, मल्ला ग्वाड़, गैड़, धारगैड़, कोलयाणा, गडोली, गांवली आदि गांवों को दिया गया है। अगले चरण में सोनियाणा, खत्रियाणा, सिलंगी, सैंजी में सोलर लाईट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य जो भी गावं भी छूटे हैं उनके लिए आगे दिया जाएगा। जिसके बाद सदस्य माने और कार्रवाई आगे बढ़ी। बैइक में नगर पंचायत में भवन कर लिए जाने पर कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अधिशासी अधिकारी गुरुदीप आर्य ने पंचायत का आय व्यय का विवरण सामने रखा। बैठक में सभासद राकेश सेमवाल, पुष्कर रावत, सीमा देवी, विनोद सिंह आदि मौजूद थे।