श्रीनगर। राष्ट्रीय पुस्तक मेले में छात्रों व पुस्तकालय संचालकों को भारी छूट दिए जाने की बात से आयोजक मुकर गए हैं। प्रकाशक पुस्तकों की खरीद पर सभी को दी जाने वाली मात्र 10 फीसदी छूट ही छात्रों व पुस्तकालय संचालकों को दे रहे हैं। वहीं मेले की नोडल अधिकारी का कहना है कि छात्रों व पुस्तकालय संचालकों को 20 से 25 फीसदी छूट दिए जाने के लिए सभी प्रकाशकों को निर्देशित किया गया।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के सहयोग से जीआईएंडटीआई मैदान में 24 फरवरी से चल रहे राष्ट्रीय पुस्तक मेले में आयोजकों ने पुस्तकों में भारी छूट देने से इनकार कर दिया है। 23 फरवरी को पत्रकारों से वार्ता के दौरान उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने पुस्तक मेले में छात्रों व पुस्तकालय संचालकों को 20 से 25 फीसदी छूट दिए जाने की बात कही थी। जबकि अन्य लोगों को 10 फीसदी छूट दी जानी थी, लेकिन मेले में मौजूद कोई भी प्रकाशक छात्रों व पुस्तकालय संचालकों को 10 फीसदी से अधिक छूट नहीं दे रहा है। प्रकाशकों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिले हैं। छात्र अतुल सती, महेश, रीना आदि ने कहा कि छात्रों को 20 से 25 फीसदी छूट दिए जाने की सूचना पर उन्होंने मेले में काफी पुस्तकों का चयन किया था, लेकिन जब वह पुस्तकों की कीमत चुकाने लगे तो पता चला कि छूट मात्र 10 फीसदी ही है। इससे वह सभी पुस्तकें नहीं खरीद पाए। वहीं मेले की नोडल अधिकारी रचना नौटियाल ने कहा कि छात्रों व पुस्तकालय संचालकों को 20 से 25 फीसदी छूट दिए जाने के लिए सभी प्रकाशकों को निर्देशित किया गया है। छात्रों व पुस्तकालय संचालकों को यह छूट दी जानी चाहिए।
छात्रों को बताई अच्छी कहानी की विशेषताएं
श्रीनगर। राष्ट्रीय पंचायत पुस्तक मेले में विषय विशेषज्ञों ने छात्रों को अच्छी कहानी लिखने के गुर सिखाए। साथ ही बच्चों में पुस्तक पढ़ने की प्रवृति का विकास विषय पर चर्चा भी की गई।
सोमवार को पुस्तक मेले के तृतीय दिवस पर जीआईसी, रैनबो स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, एसजीआरआर, मार्शल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को अच्छी कहानी की विशेषताएं के बारे में बताया गया। प्रसिद्ध कहानीकार नंद किशोर हटवाल और बाल कहानीकार उदय किरोला ने बच्चों में पुस्तक पढ़ने की प्रवृति का विकास विषय पर विस्तार से बताया। विशेषज्ञों ने पॉलीटेक्निक के छात्रों को बच्चों के लिए कहनी कैसे लिखे विषय पर कार्यशाला आयोजित की। दिन के अंतिम सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें मार्डन जूनियर हाईस्कूल, जीआईसी श्रीनगर, केंद्रीय विद्यालय व पॉलीटेक्निक के छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में गढ़वाल अपर आयुक्त हरक सिंह रावत तथा गढ़वाल विवि के पूर्व डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी मौजूद रहे।
>>>>>>>>>>>>>
राज्यपाल करेंगे पुस्तक मेले का समापन
श्रीनगर। राष्ट्रीय पंचायत पुस्तक मेला के समापन अवसर पर 28 फरवरी को प्रदेश के राज्यपाल डा. केके पॉल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। जीआईएंडटीआई मैदान में 24 फरवरी को पुस्तक मेले का शुभारंभ हुआ था। 28 फरवरी को मेले का समापन होना है। समापन अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि और विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी अतिथि विशिष्ट अतिथि होंगे।