थराली। बीआरओ की ओर से विगत तीन माह से किए जा रहे ग्वालदम- कर्णप्रयाग मोटर मार्ग के चौड़ीकरण के कार्यों से ग्वालदम में लगातार पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान मीनू टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य कला देवी, गुलाब सिंह रावत ने बताया कि बीआरओ की ओर से किए जा रहे सड़क सुधारीकरण के कार्यों से ग्वालदम बाजार में विगत तीन माह से पानी की लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। लोग स्वयं के प्रयासों से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को जोड़कर पेयजल आपूर्ति करते हैं, लेकिन लाइन फिर टूट जाती है। उन्होंने बताया कि कई बार बीडीसी की बैठक और शासन-प्रशासन सहित बीआरओ के अधिकारियों से पेयजल लाइन को व्यवस्थित करने की मांग की थी, लेकिन सकारात्मक प्रयास नहीं होने से लोगों में रोष है। जल संस्थान के जेई पंकज सिंह ने बताया कि बीआरओ की ओर से किए जा रहे कार्य से ग्वालदम बाजार की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है। वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर दी हैं।