ब्यूरो/विकासनगर।
सेवानिवृत्त कार्यप्रभारित सिंचाई कर्मचारियों को पेंशन और सेवानिवृत्ति का लाभ देने की मांग को लेकर जनसंघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्य सचिव से मुलाकात की। इस दौरान मांग के संबंध में मुख्य सचिव को ज्ञापन भी सौंपा।
जनसंघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कार्य प्रभारित कर्मियों को पेंशन और अन्य भत्तों का लाभ नहीं दिया जा रहा है। पूर्व में कर्मचारियों द्वारा योजित वाद पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को 30-35 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कार्य प्रभारित सिंचाई कर्मचारियों को पेंशन और अन्य भत्तों का लाभ देने का आदेश दिया था। निर्णय के खिलाफ सरकार की ओर से भी तीन बार सुप्रीम कोर्ट में रिट दायर की गई थी, लेकिन हर बार सरकार की रिट खारिज कर दी गई। नेगी ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों को पेंशन और अन्य भत्तों का लाभ न देकर सुप्रीम कोर्ट के आदेेशों की अवहेलना कर रही है। इस मौके पर जनसंघर्ष मोर्चा के महासचिव आकाश पंवार, दिलबाग सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, रवि भटनागर, हयात अली खान, प्रभाकर जोशी मौजूद रहे।