ब्यूरो/ऋषिकेश। राइट टू हेल्थ संस्था से जुडे़ लोगों ने मुख्यमंत्री से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में रिक्त चल रहे पदों पर शीघ्र चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है। इस बाबत एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा गया है। इसके साथ ही संस्थान ने शुक्रवार से मांग को लेकर सरकारी अस्पताल में आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। संस्था के संयोजक अरविंद हटवाल की अगुवाई में सदस्य तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम हर गिरि को ज्ञापन सौंपा। बताया कि ऋषिकेश गढ़वाल व चारधाम का प्रवेश द्वार है। शहर और समीपवर्ती इलाकों के अलावा पर्वतीय क्षेत्रों से भी लोग उपचार के लिए एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सकों की कमी के चलते उन्हें निजी अस्पतालों की ओर रुख करने को मजबूर होना पड़ता है।
अस्पताल में नौ माह से कई चिकित्सकों के पद रिक्त पड़े हैं। रेडियोलॉजिस्ट और बाल रोग विशेषज्ञ नहीं होने गभर्वती महिलाएं परेशान हैं। बावजूद सरकार इसकी अनदेखी करने में लगी है। हटवाल ने बताया कि चिकित्सकों की स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर संस्था के सदस्य शुक्रवार से राजकीय चिकित्सालय में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे। चेताया कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन को जारी रखा जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तम सिंह असवाल, राजा ढींगरा, हर्षित गुप्ता, अक्षत गुप्ता, दीपक शर्मा, रवि कुकरेती, वीरेंद्र नौटियाल आदि शामिल थे।