ब्यूरो/ऋषिकेश। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड की ऋषिकेश डिपो शाखा के कर्मचारी बीते जनवरी माह का वेतन नहीं मिलने के विरोध में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। कर्मचारियों ने वेतन नहीं मिलने तक कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। बृहस्पतिवार को ऋषिकेश डिपो शाखा कर्मियों की बैठक हुई, जिसमें शाखा अध्यक्ष ओमपाल सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को निगम द्वारा जनवरी माह का वेतन भुगतान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने बताया कि वेतन नहीं मिलने की वजह से कर्मचारी अपने बच्चों की स्कूल फीस, घर का राशन आदि जरूरी कार्य व वस्तुओं का क्रय नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वेतन मिलने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल व कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। बैठक में शाखा मंत्री भुवन सेमवाल, आशू कुकरेती, संजय शर्मा, नवीन तिवारी, राजेश बहुगुणा, कलम सिंह, अतुल कुमार, अर्जुन सिंह, राहुल रतूडी आदि मौजूद थे।