बच्चों संग बड़ों ने भी उठाया मेले का लुत्फ
- बाड़वाला में प्राचीन शिव मंदिर में चल रहा तीन दिवसीय मेला
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर।
बाड़वाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय मेले के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोग मेले का लुत्फ उठाने पहुंचे। बुधवार सुबह से देर शाम तक मेले में लोगों की चहल-पहल बनी रही। लोगों का हुजूम उमड़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले रहे।
बच्चों के साथ ही बड़ों ने भी झूले और चरखी का लुत्फ उठाया। लोगों ने मेले में जमकर खरीददारी की। लोगों की भीड़ को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहे। चाऊमीन, मिठाई, गोल-गप्पे, आइसक्रीम के स्टॉल पर लोगों की ज्यादा भीड़ देखी गई। डाकपत्थर, अंबाड़ी, कालसी, हरिपुर, मेहूंवाला, बरोटीवाला, हरबर्टपुर, पस्टा, जुड्डो, साहिया समेत कई इलाकों से लोग मेले में पहुंचे। शाम ढलते ही मेला परिसर रोशनी से नहा उठा। देर शाम तक मेले में लोगों की भीड़ लगी रही। हईया स्थित मेले में भी लोगों ने झूलों का जमकर लुत्फ उठाया।
मेले में बच्चों को बांटीं किताबेें
विकासनगर। संस्कार भारती शाखा विकासनगर ने बाड़वाला स्थित पीठ परिसर में आयोजित मेले में विभिन्न परिवारों के बच्चों को किताबें, खिलौने और रंग वितरित किए। उन्होंने लोगों से बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की। इस मौके पर अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी, पं. आशीष शर्मा, अस्मिता तोमर, निशांत पंवार, यश कश्यप आदि मौजूद रहे।
दूसरे दिन भी उमड़े श्रद्धालु
विकासनगर। पछवादून में दूसरे दिन भी शिवरात्रि को लेकर लोगों में उत्साह दिखा। दो दिन यह पर्व होने के कारण बुधवार को भी मंदिरों में जलाभिषेक को लोगों का आना-जाना लगा रहा हालांकि, लोगों की संया मंगलवार की अपेक्षा काफी कम रही।