श्रीनगर। आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र के माध्यम से न्याय पंचायत मलेथा में 25 प्रतिभागियों को आपदा में राहत एवं बचाव कार्य का 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। आपदा प्रबंधन विभाग के अनिल सकलानी ने बताया कि यह प्रशिक्षण विकासखंड की सभी न्याय पंचायतों में दिया जाएगा।
मुख्य प्रशिक्षक ने बताया कि प्रशिक्षण प्रत्येक न्याय पंचायत में 25 लोगों को दिया जाएगा, जिसमें आशा कार्यकत्री, ग्राम प्रहरी, एसएसबी स्वयं सेवक मुख्य रूप से शामिल होंगे। अगला प्रशिक्षण 17 फरवरी से न्यायपंचायत सेमीसेमला में शुरू किया जाएगा। इस मौके पर प्रशिक्षक सीमा परमार की ओर से भी प्रतिभागियों को जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में राजस्व उपनिरीक्षक राय सिंह, प्रधान शूरवीर सिंह बिष्ट सहित प्रशिक्षु मौजूद थे।