कीर्तिनगर। जीआईसी धद्दी घंडियाल के वार्षिकोत्सव में विद्यालय के होनहार छात्रों को सम्मानित कर विकास पंवार को विद्यालय का स्टूडेंट आफ द ईयर चुना गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रही।
बडियारगढ़ क्षेत्र के जीआईसी धद्दी घंडियाल का वार्षिकोत्सव बुधवार को छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) एसपी सेमवाल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा के साथ ही अपनी प्रतिभा को दिखाने और निखारने का मौका भी मिलता है। खंड शिक्षाधिकारी डा. एसएस नेगी ने कार्यक्रम की सराहना कर इसे छात्रों के चहुंमुखी विकास के लिए आवश्यक बताया। कलश संस्था के अध्यक्ष ओमप्रकाश सेमवाल और क्षेत्र पंचायत सदस्य उत्तम भंडारी ने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभाग करने को कहा। शिक्षक संदीप रावत के लोक गीतों की प्रस्तुति की सराहना की गई।
विद्यालय की छात्रा तानिया को हाईस्कूल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने और शिक्षक डीएस मेवाड़ को पर्यावरण संवर्धन के लिए कार्य करने पर पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डीपी खाली ने अतिथियों का स्वागत कर छात्रों को उनके मार्गदर्शन एवं अनुभवों से सीख लेने को कहा। कार्यक्रम का संचालन आरसी बहुगुणा ने किया।