तहसील दिवस : 54 शिकायतों में से 40 का निस्तारण
-- एसडीएम ने प्राथमिकता से जनसमस्या का निस्तारण करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। तहसील दिवस पर क्षेत्र से फरियादी बिजली, पानी, सड़क, पेंशन और अतिक्रमण आदि समस्याओं को लेकर पहुंचे। इस दौरान 54 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 40 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य को संबंधित विभागों को ट्रांसफर कर दिया गया। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी हर गिरि ने लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को स्थानीय लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूर्व में आयोजित तहसील दिवसों पर दर्ज की गई शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक भी लिया।
कहा कि आमजन को विभागीय कार्यों को लेकर भटकना न पड़े, इसके लिए तहसील दिवस आयोजित किया जाता है। लिहाजा इसमें दर्ज की जाने वाली शिकायतों का तेजी के साथ निस्तारण किया जाएगा। तहसीलदार रेखा आर्य ने बताया कि तहसील दिवस में कुल 54 शिकायतें दर्ज की गई। 40 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि 14 को संबंधित विभाग को ट्रांसफर किया गया है। मौके पर नायब तहसीलदार केडी जोशी, ऊर्जा निगम से एसडीओ महेंद्र सिंह, जल संस्थान से अपर सहायक अभियंता मनोज डबराल, नगर निगम से कर अधीक्षक निशात अंसारी, लोनिवि से अपर सहायक अभियंता उपेंद्र गोयल आदि मौजूद थे।
इन विभागों से जुड़ी थी समस्याएं
ऋषिकेश। तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज गई। जिनमें 33 श्रम विभाग, 8 राजस्व, 3 समाज कल्याण, एक लोनिवि, 3 सिंचाई, एक स्वास्थ्य, 2 नगर निगम, और 3 पुलिस विभाग से जुड़ी थी। श्रम और समाज कल्याण विभाग की सभी शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया।
तीन घंटे बढ़ा तहसील दिवस का समय
ऋषिकेश। तहसील दिवस के सुबह 10 से दोपहर 2 बजे के समय को बढ़ा दिया गया है। अब इसे सुबह 10 से 5 बजे कर दिया गया है, जिससे परगना क्षेत्र के लोगों को अब समस्याएं दर्ज कराने में दिक्कत नहीं होगी। इसमें पांच बजे तक अधिकारियों की मौजूदगी को भी तय किया गया है। निर्देश का पालन नहीं करने वाले अफसरों पर एसडीएम ने नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।