श्रीनगर। अटैक क्लब श्रीनगर और अपैक्स इलेवन दिल्ली स्व. गिरधारी लाल स्मृति टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
स्थानीय जीआईएंडटीआई मैदान में चल रही प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल में बाबा केदार और अटैक क्लब श्रीनगर के बीच मुकाबला हुआ। अटैक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। अटैक ने 18 ओवर में कुलदीप के 72 (45 गेंद) रनों और कुलवीर उनियाल के 42 रनों (38 गेंद) की बदौलत 149 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबा केदार की टीम 13 ओवर में 82 रन बनाकर ढेर हो गई। अटैक के विकास मैठाणी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 6 रन देकर 5 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। अटैक ने यह मैच 66 रन से जीता। दूसरा क्वार्टर फाइनल एमसीसी श्रीनगर और अपैक्स इलेवन दिल्ली के बीच खेला गया। अपैक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 1 विकेट के नुकसान पर 201 रन ठोक डाले। नरेंद्र ने 63 गेंदों में 105 और नीरज ने 54 गेंदों पर 96 रन बनाए। जवाब में एमसीसी के बल्लेबाज 13 ओवर में 112 रन पर लौट गए। नरेंद्र ने 4 ओवर में 4 और किशन ने 4 ओवर में 3 विकेट लिए। अपैक्स ने 88 रन से मैच जीता। नरेंद्र मैन ऑफ द मैच रहे।