पोखरी (चमोली)। मोहनखाल-थाला-ताली मोटर मार्ग के निर्माण से थाला गांव में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त पड़ी है। 19 जनवरी को आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने डीएम आशीष जोशी से भी पानी की आपूर्ति न होने की शिकायत की थी, लेकिन आज तक समस्या नहीं सुलझी। अब ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए चार किलोमीटर की पैदल दूरी नापकर प्राकृतिक जलस्रोत पर जाना पड़ रहा है।
वर्ष 2017 के अप्रैल माह में मोहनखाल-थाला-ताली सड़क की हिल कटिंग शुरू हुई। तब कटिंग के दौरान जेसीबी से थाला गांव में पानी की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई और जल संस्थान के अधिकारियों से पेयजल लाइन को सुचारु करने की मांग की, लेकिन आज तक पेयजल लाइन दुरुस्त नहीं की गई। ओम प्रकाश थपलियाल, ललिता प्रसाद, देवी प्रसाद और दिनेश का कहना है कि नौ माह से पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इधर, पीएमजीएसवाई के ईई राजकुमार का कहना है कि गांव में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। जब सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, तब पेयजल लाइन को दुरुस्त कर उस पर पानी पूरी तरह से सुचारु कर दिया जाएगा।