ब्यूरो/अमर उजाला
डोईवाला।
रेलवे स्टेशन पर तीन माह में दूसरी बार आरक्षण सुविधा बंद कर दी गई है। प्रतिमाह लाखों की आमदनी देने वाले आरक्षण काउंटर को बंद करने पर लोग परेशान हो गए हैं। रेलवे स्टेशन की ओर से आरक्षण काउंटर अगले आदेश तक बंद करने का नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
तीन चार दिन से रेलवे स्टेशन पर आरक्षण कराने वाले यात्रियों को सर्वर डाउन होने का हवाला देकर लौटाया जा रहा था। रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार से अचानक आरक्षण सुविधा को बंद कर दिया। सुबह जब लोग रिजर्वेशन कराने पहुंचे तो काउंटर पर बंद होने का नोटिस चस्पा देखा। स्टेशन मास्टर एके नरूला ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरक्षण काउंटर बंद किया गया है। वहीं आरक्षण सुविधा बंद होने से रेल यात्रियों की दिक्कतें बढ़ने लगीं हैं।
आरक्षण सुविधा बंद करने लोगों में रोष
डोईवाला। रेलवे स्टेशन में आरक्षण सुविधा बंद होने से लोगों में रोष है। यहां हिमालयन यूनिवर्सिटी स्वामीनगर, डोईवाला चीनी मिल, औद्योगिक क्षेत्र, जौलीग्रांट एयरपोर्ट, नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आरक्षण कराते थे। स्टेशन के आंकड़ों के मुताबिक गत नवंबर में आरक्षण से विभाग को 1905 यात्रियों से 7 लाख 65 हजार, दिसंबर में 1608 यात्रियों से 6 लाख 36 हजार और जनवरी में 1636 रेल यात्रियों से 5 लाख 97 हजार की आय हुई है। इसके बावजूद आरक्षण काउंटर को बंद करने से क्षेत्र के लोगों में रोष है। युकां प्रदेश सचिव विक्रम सिंह नेगी, डोईवाला संयुक्त संघर्ष मोर्चा के संयोजक जाहिद अंजुम और अध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी, कांग्रेस नेता पन्नालाल गोयल, रामेश्वर लोधी, मंदीप बजाज, सागर मनवाल, धीरेंद्र चौहान, मनीष नेगी , अरविंद शर्मा, कृष्ण गोपाल गुप्ता आदि ने आरक्षण सुविधा बहाल करने की मांग की है।