मालवाहक वाहनों के लिए दिखावे की नो-एंट्री
-- शहर में प्रतिबंधित मार्गों पर नियमों का नहीं हो रहा पालन
-- पुलिस की लापरवाही से नागरिकों को दुर्घटना बढ़ने का है अंदेशा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। शहर में पुलिस ने विभिन्न व्यस्त मार्गों पर मालवाहक वाहनों के लिए नो-एंट्री घोषित की है। इसके लिए मार्गों पर बाकायदा बैरिकेड्स लगाए गए हैं। नियम के पालन के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। बावजूद इसके प्रतिबंधित समय में वाहन धड़ल्ले से शहर के भीतर प्रवेश कर रहे हैं, जिससे जाम की समस्या तो बनी ही रहती है, दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बढ़ गया है।
कोतवाली पुलिस ने देहरादून मार्ग, रेलवे रोड, हीरालाल मार्ग और अन्य कई मार्गों पर मालवाहक वाहनों की सुबह 8 से दोपहर 1 बजे और शाम चार से छह बजे तक प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया हुआ है, लेकिन इस नियम का पालन शहर में कहीं होता नजर नहीं आ रहा है। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12.30 बजे एक ट्रक हीरालाल मार्ग पर बेरोकटोक घुस आया। भारी वाहन के संकरी सड़क पर दौड़ने सेन अन्य वाहन सवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके द्वारा पुलिस द्वारा घोषित नो-एंट्री में किए गए सुरक्षा इंतजामों की पोल भी खुल गई।
शहर में प्रतिबंधित समय में लगातार मालवाहन वाहनों की एंट्री से लोगों को दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। बीते माह 9 जनवरी को इसी तरह की लापरवाही से रेलवे रोड पर एक ट्रक की टक्कर से कार और स्कूटी सवार की जान चली गई थी। बावजूद पुलिस लगातार बढ़ते हादसों से सबक लेने को तैयार नहीं दिख रही है।
कोट्स
उधर, इस बाबत कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि ट्रक अनुमति लेकर शहर में घुसा था। तय नियमों का पुलिस सख्ती से पालन करा रही है।