ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर।
आम बजट में जनजातीय बाहुल्य वाले इलाकों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खोलने की घोषणा के साथ ही चकराता प्रखंड में भी आवासीय स्कूल खुलने की उम्मीद जग गई है। अभी पूरे प्रदेश में कालसी में ही एकलव्य आदर्श विद्यालय संचालित हो रहा है।
आम बजट पेश करने के दौरान वित्त मंत्री ने उन सभी प्रखंडों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खोलने की घोषणा की हैं, जहां अनुसूचित जनजाति की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है। जौनसार बावर में इस वर्ग की आबादी लगभग 99 प्रतिशत है। चकराता प्रखंड में अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या करीब 50 हजार है। ऐसे में इस घोषणा के बाद से चकराता प्रखंडों के लोगों में भी छात्रों को घर के पास सस्ती और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की उम्मीद जगी है।
कालसी में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 60 ही सीटें हैं। ऐसे में अब चकराता में भी एकलव्य खुलने के बाद अन्य छात्रों को भी अच्छी शिक्षा मिल सकेगी। समाजसेवी सालकराम जोशी, संतराम, क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्ञान चंद डिमरी आदि का कहना है कि सरकार का यह निर्णय अच्छा है। इससे जनजातीय इलाकों में शिक्षा के स्तर में सुधार आ सकेगा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीसी बडोनी ने कहा कि इस निर्णय का लाभ हजारों एससी वर्ग के छात्रों को मिलेगा।