योग व बीटल्स फेस्टिवल को लेकर तैयारियां शुरू
-- पार्क निदेशक ने लिया चौरासी कुटिया में व्यवस्थाओं का जायजा
-- प्रशासन ने शुरू किया साफ सफाई, मरम्मत व रंग रोगन का कार्य
अमर उजाला ब्यूूरो
मुनिकीरेती। मार्च माह में भावातीत ध्यान योग के प्रणेता महर्षि महेश योगी के तीर्थनगरी स्थित शंकराचार्यनगर चौरासी कुटिया आश्रम में होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव व वीटल्स फेस्टिवल के आयोजन के मद्देनजर राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को पार्क निदेशक सनातन सोनकर ने चौरासी कुटिया का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यहां अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव व बीटल्स फेस्टिवल के मद्देनजर की जा रही तैयारियों को देखा। विभाग यहां होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजन के मद्देनजर साफ सफाई के साथ ही झाड़ी कटान और कुटिया के भीतर क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत कार्य करा रहा है।
इसके अलावा 84 कुटियाओं की रंगरोगन का कार्य शुरू किया गया है। इस दौरान पार्क निदेशक ने यहां अधीनस्थों को तैयारियों के चलते आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। पार्क की गौहरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र नौटियाल ने बताया कि योगा व बीटल्स फेस्टिवल के चलते विभाग को शासन स्तर से दिशा निर्देश मिले हैं, जिसके चलते चौरासी कुटिया में रास्तों व भवनों के आसपास झाड़ियों की कटान का कार्य किया जा रहा है। साथ ही आश्रम के आंतरिक मार्गों, दीवारों की मरम्मत और भवनों पर रंगरोगन का कार्य किया जा रहा है।