जोशीमठ। नीती घाटी में आठ साल से अटका सुरांईथोटा-तोलमा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। लोनिवि ने ठेकेदार को काली सूची में डालने और वसूली की कार्रवाई की योजना भी बना दी थी, लेकिन अब ठेकेदार ने सड़क की हिल कटिंग का कार्य शुरू कर दिया है।
वर्ष 2009 में शासन से करीब दो किलोमीटर सुराईंथोटा-तोलमा सड़क के निर्माण के लिए स्वीकृति मिली थी। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण ठेकेदार ने शुरुआत से ही हिल कटिंग कार्य शुरू नहीं किया गया। लोनिवि ने ठेकेदार को सड़क कटिंग के लिए कई नोटिस भेजे, लेकिन शुरुआत में 500 मीटर ही सड़क की कटिंग शुरू नहीं हो पाई। जब ग्रामीणों ने बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट से सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की तो विधायक ने मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत की और लोनिवि के मुख्य अभियंता को सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू करवाने के लिए कहा। लोनिवि के ईई धन सिंह रावत ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। ठेकेदार की ओर से पुराने स्टीमेट से ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है। जल्द ही तोलमा गांव को सड़क से जोड़ दिया जाएगा।