स्वर्गाश्रम में 19 दुकानों को खाली कराने के आदेश
-- हाईकोर्ट का फैसला, दुकानें खाली न करने पर प्रशासन ने दी बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम क्षेत्र में वेद निकेतन मार्ग पर 19 दुकानों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। डीएम ने हाईकोर्ट के आदेश के तहत दुकानदारों को स्वयं ही दुकानें खाली करने का नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने ऐसा नहीं करने पर बलपूर्वक दुकानें खाली कराने की चेतावनी दी है। जिला प्रशासन के मुताबिक स्वर्गाश्रम में वेद निकेतन मार्ग स्थित 32 दुकानों का मामला हाईकोर्ट में चल रहा था, जिसमें कोर्ट ने उक्त भूमि के पट्टे को निरस्त कर दुकानों को खाली कराने के आदेेश जारी किए थे। इनमें 13 दुकानदारों को न्यायालय से स्टे मिली थी, जबकि अन्य को स्टे नहीं मिल पाई।
पौड़ी प्रशासन ने 19 लोगों को दुकानें खाली करने का नोटिस जारी किया, जिसकी मियाद खत्म हो रही है। प्रशासन ने दुकान संचालकों को नोटिस का पालन नहीं करने पर बलपूर्वक दुकानें खाली करने की चेतावनी दी है। जिससे दुकान संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल है। संबंधित दुकान संचालक कार्रवाई से बचने के लिए माननीयों के दरबार में लगातार हाजिरी लगा रहे हैं। हालांकि, इस बाबत पौड़ी के जिलाधिकारी सुशील कुमार का कहना है कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराया जाएगा। दुकानों को बलपूर्वक खाली कराने के लिए पूरे इंतजाम करने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
क्या है मामला
ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम में दुकानों के विवाद के मामले में स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त भूमि एक धार्मिक संस्था की थी, जिसकी दुकानें किराए पर चल रही थी। बताया कि किराएदार मालिकाना हक का दावा करते हुए उच्च न्यायालय की शरण में चले गए। सुनवाई में न्यायालय ने उक्त भूमि के पट्टे को रद्द कर दिया और इसे सरकारी भूमि घोषित कर पौड़ी प्रशासन को दुकानें खाली कराने के आदेश भी जारी कर दिए।
शहरी विकास मंत्री से लगाई गुहार
ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम में दुकानें खाली करने का नोटिस मिलने से परेशान 19 दुकान संचालकों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही हाल में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से मिले थे। उन्होंने मंत्री से उन्हें प्रशासन की ओर से मामले में मोहलत दिलाए जाने की मांग की थी। मंत्री ने दुकान संचालकों को क्या भरोसा दिया, इस पर कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
क्या कहते हैं डीएम
स्वर्गाश्रम में 32 दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जानी थी, जिनमें 13 लोगों को न्यायालय से स्टे मिल गया है। जबकि अन्य को नोटिस जारी कर दुकानें खाली करने के लिए कहा गया है। वह ऐसा नहीं करते हैं, तो बलपूर्वक दुकानें खाली कराई जाएंगी।
- सुशील कुमार, डीएम, पौड़ी गढ़वाल।