गोपेश्वर। चार दिवसीय तृतीय दशोलीगढ़ सांस्कृतिक विकास मेले का सादे समारोह में समापन हो गया। क्षेत्र के गंडासू गांव के सैनिक जगदीश पुरोहित के शहीद होने के बाद मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या भी स्थगित कर दी गई थी। समापन मौके पर कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं हुए।
26 जनवरी को मेले के समापन पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने मेलों का अधिकाधिक लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने मेला समिति को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विधानसभा अध्यक्ष कोष से 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार स्वरूप एक हजार रुपये दिए। भोटिया जनजाति की महिलाओं ने पौंणा नृत्य की प्रस्तुति दी थी। इस मौके पर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एपी मैखुरी, कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, प्रधान तेजवीर कंडेरी, मेला अध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, सचिव वीरेंद्र सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जोशी आदि मौजूद थे।