गोपेश्वर। दशोली ग्राम प्रधान संगठन ने मनरेगा भुगतान और छूटे विकास कार्यों को पूरा करने की मांग को लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने डीएम को मांगों का ज्ञापन भेजा। कहा गया कि मनरेगा का भुगतान न होने से मजदूरों और जन प्रतिनिधियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा यदि शीघ्र मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती तो वे मनरेगा मजदूरों को साथ लेकर आंदोलन तेज कर देंगे।
दशोली ब्लॉक के करीब छह से अधिक गांवों को सरकार की ओर से नगर पालिका और नगर पंचायतों में शामिल किया गया है, लेकिन आज तक मनरेगा का भुगतान नहीं किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत के तहत कई विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं, जो बजट के अभाव में आधे-अधूरे पड़े हैं। इसे देखते हुए ग्राम प्रधानों ने विरोध शुरू कर दिया है। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष रविंद्र सिंह का कहना है कि विकास विभाग की ओर से मनरेगा भुगतान को लेकर लापरवाह रवैया अपनाया जा रहा है। विकास कार्यों के स्टीमेट बनाने और अन्य कार्यालय के कार्यों को भी समय से पूरा नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर ज्येष्ठ उप प्रमुख अयोध्या प्रसाद हटवाल, नरेंद्र लाल, मंजू देवी, आशा देवी और भगत लाल आदि मौजूद थे।