शिक्षकों से ही बढ़ता है संस्थानों का सम्मान
-- सीएम ने किया एसबीएम इंटर कॉलेज के तीन दिवसीय हीरक जयंती समारोह का शुभारंभ
-- कॉलेज के पुरातन विद्यार्थियों और पूर्व प्रधानाचार्यों को किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। श्री भरत मंदिर स्कूल सोसाइटी ऋषिकेश व पुरातन छात्र समिति के संयुक्त तत्वावधान में एसबीएम इंटर कॉलेज के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित तीन दिवसीय हीरक जयंती समारोह का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने समारोह में कॉलेज के प्रथम बैच के पांच छात्र-छात्राओं, दो पूर्व प्रधानाचार्यों और कारगिल शहीद के परिवार को सम्मानित किया।
बृहस्पतिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में हीरक जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शिक्षकों की वजह से ही किसी भी शैक्षणिक संस्थान का सम्मान बढ़ता है। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को गर्व की अनुभूति होनी चाहिए, क्योंकि वह ऐसी ख्याति से जुड़ रहे हैं, जिसका योगदान न सिर्फ शैक्षिक कार्य, बल्कि देश की आजादी में भी रहा है। सीएम ने श्री भरत मंदिर की ओर से संचालित कॉलेज में विद्यार्थियों की दो हजार की संख्या को लेकर सराहना की। बताया कि प्रदेश में किसी भी हिंदी माध्यम स्कूल में इतने छात्र नहीं हैैं। यह इस कॉलेज की बेहतर पृष्ठभूमि का ही परिणाम है कि इतने विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
उन्होंने स्कूल के छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वह त्याग और बलिदान की भावना से स्थापित कॉलेज का नाम रोशन करें। इसके साथ ही कॉलेज प्रबंधन से विद्यार्थियों को भी स्कूल के 75 वर्ष के इतिहास से अवगत कराने की अपील की, जिससे विद्यालय की ख्याति बरकरार रहे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, श्री भरत मंदिर महंत अशोक प्रपन्न शर्मा, पुरातन छात्र समिति के संरक्षण एवं हिमालयन यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. विजय धस्माना, अध्यक्ष बचन पोखरियाल, सचिव सुनील प्रभाकर, स्वामी डा. रामकमल दास वेदांती, पूर्व मंत्री विजय बड़थ्वाल, कॉलेज की प्रबंध समिति के सचिव हर्षवर्धन शर्मा, सुनील थपलियाल, चंद्रशेखर शर्मा, डीबीपीएस रावत, गोविंद सिंह रावत, वाईपी त्रविपाठी, अरविंद शाह, लखविंदर सिंह आदि मौजूद थे।